गुरदासपुर ( सुशील बरनाला ):
श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के संबंध में कई दिनों से अमृतवेले प्रभात फेरियां निकाली जा रही थीं। इसी क्रम में, दिनांक 02 नवंबर 2025 को गुरुद्वारा यादगार शहीदां, नबीपुर की ओर से नगर कीर्तन निकाला गया, जिसकी अगुवाई स. नरिंदर सिंह, प्रधान गुरुद्वारा यादगार शहीदां नबीपुर ने की।
नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब नबीपुर से आरंभ होकर हरदोछनी रोड होते हुए हयातनगर, सिधड़ां जमीरा, बब्बरी, जीवनवाल-बब्बरी गुरुद्वारा साहिब, बब्बरी बाईपास और कलानौर रोड से होता हुआ वापस गुरुद्वारा साहिब नबीपुर में संपन्न हुआ।
रास्ते में विभिन्न गांवों के गुरुद्वारा साहिबों और संगतों की ओर से नगर कीर्तन में शामिल संगतों के लिए चाय-पकौड़े, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों के लंगर की सेवा की गई।
इस नगर कीर्तन के दौरान बच्चों और नौजवान संगतों द्वारा शानदार गतका कला का प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित संगत का मन मोह लिया। नौजवानों के जोश और बच्चों की उत्साहभरी भागीदारी को देखकर संगतों ने “बोले सो निहाल… सत श्री अकाल” के जयघोष से पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंगों से भर दिया।
श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के संबंध में दिनांक 03 नवंबर को गुरुद्वारा साहिब नबीपुर में श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ किया गया है, जिसके भोग 05 नवंबर को डाले जाएंगे। भोग उपरांत गुरबाणी कथा और कीर्तन के माध्यम से रागी जत्थे संगतों को निहाल करेंगे। इसके पश्चात गुरु का अटूट लंगर वितरित किया जाएगा।
इस पवित्र नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में संगतों ने भाग लिया, जिनमें कुलदीप सिंह, गुरमीत सिंह, हरपाल सिंह, परमजीत सिंह, गुरदेव सिंह, रंजीत सिंह समेत अनेक नौजवानों और बीबियों ने श्रद्धापूर्वक हिस्सा लिया।






