फगवाड़ा 21 जून ( प्रीति) लायंस क्लब फगवाड़ा स्माइल, पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान ट्रस्ट द्वारा आज विश्व योग दिवस के अवसर पर श्री छिन्नमस्तिका मंदिर कमेटी के सहयोग से 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस दौरान आयोजित विशेष योग शिविर में कमला नेहरू पब्लिक स्कूल, राष्ट्रीय बाल विद्यालय, एस.डी.के.एम.वी. गौशाला बाजार के विद्यार्थियों ने उत्साह सहित भाग लिया और सूर्य नमस्कार प्रतियोगिता में क्रमानुसार प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार हासिल किये। समागम के दौरान लायंस इंटरनैशनल 321-डी के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन दविन्द्र पाल अरोड़ा बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए। जबकि विशेष अतिथियों के रूप में लायन लेडी रंजनी बंगा अध्यक्ष लायंस क्लब फगवाड़ा स्माइल, लायन परवीन बंगा, लायन सुशील शर्मा, रिति कुमार उपस्थित रहे। पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी दीपक खोसला, तहसील प्रभारी अशोक शर्मा एवं महिला प्रभारी नीलम खुराना ने उपस्थितों को योग का महत्व बताया और नित्य जीवन में इसे शामिल करने का आह्वान किया। शहर के लगभग 10 विद्यालयों के मध्य हुई सूर्य नमस्कार प्रतियोगिता में बच्चों ने मंच पर मंत्र उच्चारण के साथ सूर्य नमस्कार क्रिया की। निर्णायक मंडल में योग शिक्षक संदीप कवात्रा एवं मदन मोहन खट्टर शामिल थे। सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट किये गए। पतंजलि के जिला प्रभारी दीपक खोसला ने बताया कि प्रत्येक वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाकर नए बच्चों को योग के साथ जोड़ेंगे और फगवाड़ा शहर को योगमयी बनाने में पूरा प्रयास किया जायेगा। मुख्य अतिथि लायन दविन्द्र पाल अरोड़ा ने आयोजकों के प्रयास की सराहना की और कहा कि योग से स्वस्थ तन और मन का विकास किया जा सकता है। जिला प्रभारी नीलम खुराना ने सूर्य नमस्कार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला और रिति कुमार ने मुख्य अतिथि से उपस्थितों को परिचित करवाया। इस दौरान भावना आनंद, रेनु शर्मा, मोनिका, सोनिया वधावन, मीनू ढींगरा, सुरिन्द्र शिंगारी, सरबजीत सैनी सहित सैंकड़ो लोगों ने इस कार्यक्रम में उपस्थिति करवाई। सभी को प्रसाद के रूप में दलिया, बिस्किट परोसे गये और जलपान भी करवाया गया।






