* जिला कपूरथला में प्रथम रहे मनकरण सिंह को भेंट किये 11 हजार रुपये
फगवाड़ा 15 मई ( प्रीति ) पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित कक्षा बारहवीं के वार्षिक परिणाम (2024-25) के अन्तर्गत श्री महावीर जैन माडल सीनियर सैकेंडरी स्कूल होशियारपुर रोड फगवाड़ा के विद्यार्थियों ने अप्रत्याशित सफलता हासिल करते हुए पंजाब भर में 11वां और 13वां स्थान प्राप्त किया है। विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को स्कूल के स्वर्णिम इतिहास में एक नया अध्याय करार देते हुए स्कूल के वाईस प्रिंसीपल जगपाल सिंह ने बताया कि साईंस ग्रुप के मेधावा छात्र मनकरण सिंह ने 489/500 (97.80 प्रतिशत) अंक लेकर पंजाब की मैरिट सूची में 11वां जबकि जिला कपूरथला में प्रथम स्थान अर्जित किया है। इसके अलावा नमन कृष्ण गुप्ता और मनकीरत सिंह ने 487/500 (97.40 प्रतिशत) अंकों सहित संयुक्त रूप से वरियता सूची में 13वां स्थान प्राप्त किया है। स्कूल की मेधावी छात्राओं यशदीप कौर व दीपिका ने भी 96.40 प्रतिशत हासिल करके स्कूल का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि स्कूल का परिणाम शत-प्रतिशत एवं अत्यंत उत्साहवर्धक रहा है। विद्यालय की तरफ से कुल 184 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और सभी अच्छे अंकों के साथ उतीर्ण हुए हैं। विद्यार्थियों को शुभाशीष देने और सम्मानित करके उत्साहवर्धन करने पहुंचे स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान सतीश जैन, स्कूल सचिव ललित जैन तथा कोषाध्यक्ष अजीत जैन ने विद्यार्थियों की इस अति उत्तम उपलब्धि पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए इसका श्रेय विद्यार्थियों की लगन, अथक परिश्रम, अभिभावकों के आशीर्वाद और कर्मठ अध्यापक वर्ग के निष्ठापूर्ण समर्पण को देते हुए सभी की भरपूर प्रशंसा की। उन्होंने मैरिट सूची में 11वां स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थी मनकरण सिंह को 11 हजार रुपए जबकि 13वां स्थान पाने वाले नमन कृष्ण गुप्ता और मनकीरत सिंह को इक्यावन सौ रुपए की राशि परितोषिक के रूप में प्रदान की। साथ ही अपने बधाई संदेश में बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने जीवन के लक्ष्य को हासिल करने के लिये कड़ी मेहनत करने हेतु प्रेरित किया।






