जालंधर, 23 मई (अमृतपाल सिंह) भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब सरकार ने जालंधर सेंट्रल से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक रमन अरोड़ा को पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह कथित तौर पर एक मंदिर जा रहे थे। सूत्रों का दावा है कि यह गिरफ्तारी नगर निगम के पूर्व सहायक नगर नियोजक (एटीपी) सुखदेव वशिष्ठ से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले से जुड़ी है, जिन्हें पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया गया था। उल्लेखनीय है कि विजिलेंस की टीम मोहाली नंबर की गाड़ियों में अरोड़ा के घर पहुंची है। विजिलेंस ब्यूरो ने आज विधायक रमन अरोड़ा के आवास पर भी छापेमारी की है। जानकारी के अनुसार यह मामला भ्रष्टाचार का बताया जा रहा है। उन पर जालंधर नगर निगम के अधिकारियों के माध्यम से निर्दोष लोगों को झूठे नोटिस भेजने और फिर पैसे लेकर उन नोटिसों को रद्द करवाने का आरोप है। पिछले कई दिनों से चर्चा चल रही है कि सरकार विधायक को अपने पाले में करने की कोशिश कर रही है। लुधियाना के कुछ विधायकों द्वारा इस संबंध में चिंता व्यक्त की जा रही थी, क्योंकि लुधियाना उपचुनाव निकट है। मौके से मिली जानकारी के अनुसार विधायक रमन अरोड़ा विजिलेंस टीम के साथ घर पर मौजूद हैं और टीम अपनी जांच जारी रखे हुए है।