लुधियाना, 7 अगस्त 2025
लुधियाना जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मज़बूत बनाने तथा आपातकालीन स्थितियों (जैसे हार्ट अटैक, स्ट्रोक, ट्रॉमा आदि) से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के राष्ट्रीय स्वास्थ्य अनुसंधान प्राथमिकता (NHRP) परियोजना “India-EMS” तथा क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (CMC), लुधियाना के सहयोग से जिले के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को डिफिब्रिलेटर, मल्टीपैरामीटर और ईसीजी मशीनें प्रदान की गई हैं।
इस परियोजना की सफलता में सिविल सर्जन लुधियाना, डॉ. रमनदीप कौर की अग्रणी भूमिका रही। उनके द्वारा परियोजना प्रमुख डॉ. जयराज डी. पंडियन के साथ एक औपचारिक समझौता (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए, जिसके बाद यह सहयोग औपचारिक रूप से शुरू हुआ।
इस महत्वपूर्ण प्रयास को पंजाब स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, पंजाब हेल्थ सिस्टम्स कॉरपोरेशन, ICMR और क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज, लुधियाना के निरंतर समर्थन के कारण साकार किया जा सका।
डॉ. रमनदीप कौर, सिविल सर्जन लुधियाना ने कहा, “यह उपकरण हमारी सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं की आपातकालीन सेवाओं को तेज़ और अधिक प्रभावशाली बनाएंगे। इससे मरीजों को समय पर जीवन रक्षक चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।”
यह सभी उपकरण जल्द ही लुधियाना जिले के सरकारी अस्पतालों के आपातकालीन विभागों में स्थापित किए जाएंगे, जिससे हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, सड़क दुर्घटनाएं और अन्य आपातकालीन चिकित्सा स्थितियों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।






